Ghansyam Sharma / Sat, Nov 21, 2026 / Post views : 15
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला मुख्यालय कोण्डागांव में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारी संघ को जिला कांग्रेस कमेटी ने समर्थन दिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन मरकाम सहित कांग्रेस पदाधिकारी हड़ताल स्थल पहुंचे और पटवारियों की मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
इस दौरान मोहन मरकाम ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पटवारी पिछले करीब 40 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। हड़ताल के कारण किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि गिरदावरी और धान खरीदी से जुड़े जरूरी दस्तावेज तैयार कराने में किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अपने काम के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से पटवारी संघ के साथ तत्काल संवाद कर सम्मानजनक समाधान निकालने की मांग की।
मरकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसान, मजदूर और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा साथ खड़ी रही है। पटवारी संघ की पांच सूत्रीय मांगों का कांग्रेस पूर्ण समर्थन करती है।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव शकूर खान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय करन, हेमा देवांगन, शिल्पा देवांगन सहित जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन