Ghansyam Sharma / Tue, Nov 17, 2026 / Post views : 57
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
अपनी लंबित मांगों को लेकर जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अब आंदोलन के मैदान में उतर आई हैं। जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले 17 नवंबर से डीएनके मैदान में तीन दिवसीय जिला स्तरीय ध्यानाकर्षण धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया है। आंदोलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने शासन-प्रशासन से अपनी तीन सूत्रीय प्रमुख मांगों सहित अन्य लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग उठाई है।
नियमितीकरण और 30 हजार मानदेय की मांग
संघ की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को नियमित करना शामिल है। नियमितीकरण होने तक कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को प्रतिमाह 30 हजार रुपए मानदेय देने की मांग की गई है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं को आयु सीमा में छूट देकर रिक्त पर्यवेक्षक पदों पर बिना परीक्षा पदोन्नति तथा सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति देने की मांग भी उठाई गई है। सेवा समाप्ति के बाद कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को 10 लाख रुपए एकमुश्त राशि देने की मांग भी शामिल है।
मोबाइल और लंबित मानदेय भुगतान का मुद्दा
संघ ने पोषण ट्रैकर सहित अन्य विभागीय एप पर काम करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने, इंटरनेट खर्च बढ़ाकर 500 रुपए प्रतिमाह करने और मुनगा एप पर कार्य नहीं लेने की मांग रखी है। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना के कार्य की प्रोत्साहन राशि तथा सितंबर-अक्टूबर 2026 का कुल 4500 रुपए मानदेय भुगतान जल्द करने की मांग भी की गई है।
मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल
संघ ने मुख्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्री और विभागीय सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की सूचना दी थी। संघ का कहना है कि लगातार ज्ञापन देने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। चेतावनी दी गई है कि तीन दिवसीय जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगी। वहीं, 19 नवंबर को डीएनके मैदान से होते हुए अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय तक रैली निकालने की घोषणा की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन