Ghansyam Sharma / Fri, Nov 20, 2026 / Post views : 7
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कोण्डागांव पुलिस ने नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत ग्राम बेड़मा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है। आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर 19 नवंबर को नक्सल सेल, डीआरजी/बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्च एवं डी-माइनिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर बनाए गए डम्प से हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन रॉड, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, बैटरियां और टिफिन सहित भारी मात्रा में सामग्री मिली।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री में एक हैंड ग्रेनेड, दो जिलेटिन रॉड, करीब 25 मीटर कॉर्डेक्स वायर, चार बंडल इलेक्ट्रिक वायर (लगभग 200 मीटर), 11 बैटरी सेट, 14 छोटे-बड़े टिफिन, तीन किलो सल्फर, चार किलो सोडियम नाइट्रेट और अन्य सामान शामिल हैं। इसके अलावा तीन अलग-अलग टिफिन में ऑयल, यूरिया, सल्फर और सोडियम से संबंधित कुल 29.65 किलोग्राम सामग्री भी बरामद की गई है।
यह कार्रवाई थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम हांदापाल, देवडोंगरी, बेड़मा, मरकामपाल और छितपानी के आसपास के जंगल-पहाड़ी इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान की गई।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा डीएसपी ऑप्स सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री का इस्तेमाल माओवादी गतिविधियों में किए जाने की आशंका है। डम्प सामग्री की बरामदगी से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान को मजबूती मिलने की बात पुलिस ने कही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन