Ghansyam Sharma / Sat, Nov 21, 2026 / Post views : 50
नारायणपुर। पत्रिका लुक
31 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे की घोषणा के बाद नारायणपुर जिले के दूरस्थ इलाकों में विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद जगी थी। लेकिन बेनूर क्षेत्र से सामने आई एक घटना स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। यहां जिला अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद एक प्रसूता को नवजात बच्चे के साथ करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर अपने घर पहुंचना पड़ा। आरोप है कि 102 महतारी एक्सप्रेस की सुविधा मिलने के बावजूद महिला को गांव तक नहीं छोड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कोरेण्डा के खापापारा निवासी घड़वे बाई को प्रसव पीड़ा होने पर मितानिन की मदद से पहले बेनूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। यहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद अस्पताल प्रबंधन ने महिला को छुट्टी दे दी, लेकिन घर वापसी के दौरान उसे परेशानी का सामना करना पड़ा।
परिजनों के अनुसार, 102 महतारी एक्सप्रेस से प्रसूता को बेनूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने छोड़ दिया गया। इसके बाद गांव तक पहुंचने के लिए कोई दूसरा वाहन उपलब्ध नहीं हुआ। मजबूरी में महिला नवजात को गोद में लेकर करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर अपने घर पहुंची।
प्रसव के बाद मां और नवजात को विशेष देखभाल तथा आराम की जरूरत होती है। ऐसे में इतनी लंबी दूरी पैदल तय करना स्वास्थ्य के लिहाज से जोखिम भरा हो सकता है। सवाल यह है कि अस्पताल से छुट्टी देने के बाद प्रसूता को सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी थी? यदि 102 सेवा उपलब्ध थी, तो महिला को गांव तक क्यों नहीं छोड़ा गया?
मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी टी.आर. कुंवर ने फोन पर चर्चा के दौरान जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
नक्सलवाद के खात्मे के बाद विकास के दावों के बीच यह घटना ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत पर सवाल उठाती है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन