Ghansyam Sharma / Mon, Nov 16, 2026 / Post views : 222
कोंडागांव। पत्रिका लुक
जिला मुख्यालय कोंडागांव के ग्राम मुनगापदर के प्लाटपारा में सोमवार 16 नवंबर को भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाई गई। कलार समाज बस्तर संभाग मुख्यालय जुगानी कलार (छत्तीसगढ़), पंजीयन क्रमांक 2096/94 के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 300 समाजजन शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुनगापदर, मोहलई, करनपुर, घोड़ागांव एवं माकड़ी क्षेत्र के कलार समाज के लोग ब्लॉक अध्यक्ष जुगधर बघेल एवं पूरन दीवान के नेतृत्व में एकत्रित हुए। सर्वप्रथम आराध्य भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं आरती कर समारोह का शुभारंभ किया गया। इसके बाद सामाजिक पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए समाज के पदाधिकारियों ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के अद्वितीय साहस, शक्ति, न्यायप्रियता और धर्म संरक्षण के आदर्शों का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान ने भगवान दत्तात्रेय की कठोर तपस्या कर सहस्र भुजाओं का वरदान प्राप्त किया था। वक्ताओं ने समाज के सभी वर्गों से एकजुट रहने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर ग्राम में भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वहीं समाज के युवक-युवतियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर आयोजन को आकर्षक बनाया। कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया गया तथा उपस्थित समाजजनों एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठजनों सहित सामाजिक बंधुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। समारोह ने सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन