Ghansyam Sharma / Tue, Nov 17, 2026 / Post views : 34
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर मामले में जिला प्रशासन द्वारा गठित 15 सदस्यीय जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। समिति ने विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाने और कर्मचारी मुकुल पारीक को बंधक बनाए जाने संबंधी शिकायतों की बिंदुवार जांच की। प्रशासन द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, मुकुल पारीक को बंधक बनाने, मारपीट करने या जबरदस्ती किए जाने के आरोप निराधार पाए गए हैं। वहीं सीसीटीवी कैमरों के मामले में डीवीआर और हार्ड ड्राइव को साइबर फोरेंसिक जांच के लिए जब्त किया गया है।
सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का किया निरीक्षण
जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर और 3 नवंबर 2026 को प्राप्त शिकायतों के बाद कलेक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस साइबर सेल, पालकों और जनप्रतिनिधियों को शामिल करते हुए 15 सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। समिति ने 13 नवंबर को विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि बालिका छात्रावास के कक्ष क्रमांक 8 एवं 98 के समीप दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन दोनों कैमरे चालू नहीं थे। छात्राओं की आपत्ति के बाद स्थापना के एक दिन के भीतर ही कैमरों को पूर्व स्थान से हटाकर बगल की दीवार पर लगाया गया। समिति के अनुसार, नए स्थान से महिला शौचालय या उसका दरवाजा कैमरे में दिखाई नहीं देता। इस संबंध में किसी प्रकार की बदनीयती या दुर्भावना परिलक्षित नहीं हुई।
बंधक बनाने की शिकायत को समिति ने बताया गलत
मुकुल पारीक को बंधक बनाए जाने की शिकायत पर समिति ने 2 नवंबर के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, तत्कालीन एसडीएम किशोर शर्मा, सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी और थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय द्वारा मुकुल पारीक के साथ न तो जबरदस्ती की गई और न ही मारपीट की गई। उनका मोबाइल फोन भी नहीं लिया गया और न ही उन्हें बंधक बनाया गया। समिति के अनुसार, उन्हें केवल पूछताछ के लिए प्राचार्य कक्ष में बुलाया गया था। इस दौरान उनकी सुविधाओं और खान-पान का ध्यान रखा गया था।
डीवीआर साइबर सेल को सौंपे गए
जांच समिति ने बालक छात्रावास में मौजूद दोनों डीवीआर विधिवत जब्त कर साइबर सेल कोण्डागांव को सौंप दिए हैं। वहीं सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग और हार्ड ड्राइव की साइबर फोरेंसिक जांच कराने की अनुशंसा की गई है।
पालक और जनप्रतिनिधि भी रहे शामिल
15 सदस्यीय समिति में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस साइबर सेल के कर्मचारियों के साथ चार पालक एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे। जिला प्रशासन ने कहा है कि आवासीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा, निजता, सम्मान और शैक्षणिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगरानी एवं सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
जांच समिति में ये थे शामिल
जाँच समिति में अभिनव उपाध्याय अनुविभागीय अधिकारी पुलिस फरसगांव, रश्मि पोया डिप्टी कलेक्टर, भवानी वैद्य महिला आरक्षक सायबर सेल कोण्डागांव, लूमन सिंह भण्डारी प्रधान आरक्षक सायबर सेल कोण्डागांव, मनोज पोयाम आरक्षक सायबर सेल कोण्डागांव, संतोष कोड़ोपी सायबर सेल कोण्डागांव, संतुराम नेताम पालक, बासमन नेताम पालक, जतीराम नाग पालक, श्रीमति सुमित्रा पालक, गणेश राम दुग्गा प्रतिनिधि, पनकुराम नेताम प्रतिनिधि, धनीराम सोरी प्रतिनिधि, रूपेन्द्र कुमार पोयाम, दशरू नेताम शामिल रहे
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन