Ghansyam Sharma / Mon, Nov 16, 2026 / Post views : 43
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में कोण्डागांव जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। जिले के 38 कलाकारों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात एवं संवाद करने का विशेष अवसर मिला। इस दौरान कलाकारों ने राष्ट्रपति के साथ भोजन भी किया और बस्तर की कला, संस्कृति तथा पारंपरिक विरासत पर चर्चा की।
इस विशेष मुलाकात के दौरान कोण्डागांव के प्रसिद्ध शिल्पकार तीजू राम विश्वकर्मा ने बस्तर की विशिष्ट लौह शिल्प (आयरन क्राफ्ट) एवं बेलमेटल शिल्पकला की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि स्थानीय कारीगर पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक तकनीकों, अनुभव और कौशल के माध्यम से किस तरह आकर्षक कलाकृतियों का निर्माण करते हैं। उन्होंने इन शिल्पकलाओं की निर्माण प्रक्रिया और उनसे जुड़ी सांस्कृतिक विशेषताओं से भी राष्ट्रपति को अवगत कराया।
राष्ट्रपति भवन में बस्तर की कला और संस्कृति को प्रस्तुत करने का अवसर जिले के कलाकारों एवं शिल्पकारों के लिए सम्मान और गौरव का विषय रहा। इस संवाद से कलाकारों का उत्साहवर्धन हुआ और उन्हें अपनी पारंपरिक कला को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
कोण्डागांव के 38 कलाकारों की यह सहभागिता बस्तर की जनजातीय विरासत, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय हुनर को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन