Ghansyam Sharma / Tue, Nov 17, 2026 / Post views : 131
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में कहीं किसान धान बेचने को लेकर खुश हैं तो कहीं किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान नजर आ रहे हैं। किसानों की इस परेशानी की मुख्य वजह एग्रीस्टैक पोर्टल में फसल और रकबे से जुड़ी त्रुटियां हैं। किसी किसान के रिकॉर्ड में धान का रकबा शून्य दिख रहा है, तो किसी की फसल अन्य फसल के रूप में दर्ज है। वहीं कई किसानों का रकबा वास्तविक रकबे से कम दर्ज होने के कारण धान बिक्री के लिए टोकन नहीं कट पा रहा है।
एक सप्ताह से काट रहे कार्यालय के चक्कर
अपनी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में किसान तहसील कार्यालय की भुइयां शाखा पहुंचे। किसानों का कहना है कि वे पिछले एक सप्ताह से लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उनके रिकॉर्ड में सुधार नहीं हो पाया है। किसानों को समझ नहीं आ रहा है कि आखिर उनकी समस्या का समाधान कब होगा और वे अपनी उपज समर्थन मूल्य पर कब बेच पाएंगे।
300 से अधिक किसान प्रभावित
जानकारी के अनुसार, जिले में लगभग 300 से अधिक किसान एग्रीस्टैक पोर्टल में फसल और रकबे की त्रुटियों से प्रभावित हैं। किसानों का कहना है कि रिकॉर्ड में गलती किस स्तर पर हुई है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है, लेकिन इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। धान खरीदी का समय चल रहा है और ऐसे में रिकॉर्ड में सुधार नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।
कब मिलेगी किसानों को राहत?
अब सवाल यह है कि जब धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, तो किसानों के रिकॉर्ड में सुधार की व्यवस्था कितनी तेजी से होगी? क्या समय रहते सभी प्रभावित किसानों की समस्या दूर हो पाएगी? बहरहाल, किसानों को जल्द राहत मिलने और अपनी उपज बेचने का अवसर मिलने का इंतजार है। प्रशासन की ओर से समस्या का निराकरण कब तक किया जाता है, यह आने वाला समय ही बताएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन