Ghansyam Sharma / Wed, Mar 11, 2026 / Post views : 212
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जगदलपुर में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। माओवादियों के एक डम्प से 3.61 करोड़ रुपये नकद और करीब 1.64 करोड़ रुपये मूल्य का 1 किलो सोना बरामद किया गया है। यह राशि और सोना माओवादी संगठन द्वारा छिपाकर रखा गया था। इसी अभियान के दौरान दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) से जुड़े 108 माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इनमें 44 महिला माओवादी भी शामिल हैं और सभी पर मिलाकर करीब 3.29 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
बस्तर संभाग के शौर्य भवन, पुलिस कोआर्डिनेशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मुख्यधारा में शामिल किया गया। इस दौरान अरुण देव गौतम (डीजीपी), विवेकानंद (एडीजी नक्सल ऑपरेशन) और सुन्दरराज पी. (आईजी बस्तर रेंज) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आत्मसमर्पण करने वालों में माओवादी संगठन के अलग-अलग स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं, जिनमें 05 डिवीजनल कमेटी सदस्य, 02 PLGA कंपनी स्तर के पदाधिकारी, 15 प्लाटून पार्टी कमेटी सदस्य, 21 एरिया कमेटी सदस्य और 63 पार्टी सदस्य शामिल हैं।
सुरक्षा बलों ने आत्मसमर्पित कैडरों से मिली जानकारी के आधार पर विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए AK-47, INSAS, LMG, SLR, .303 रायफल और BGL लांचर सहित कुल 101 घातक हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई माओवादी संगठन की सैन्य क्षमता को बड़ा झटका देने वाली है।
पुलिस के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों को राज्य सरकार की नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल प्रशिक्षण, आवास और रोजगार के अवसर दिए जाएंगे, ताकि वे सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन