Ghansyam Sharma / Thu, Oct 8, 2026 / Post views : 15
रायपुर। पत्रिका लुक
राजधानी के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है और न ही इसके मूल स्वरूप से किसी प्रकार की छेड़छाड़ की जाएगी। उन्होंने लोगों से इस संबंध में किसी तरह का भ्रम नहीं रखने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के तहत विकसित किया जाएगा। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि चौक का नाम यथावत रहेगा, जबकि इसे सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की माताओं-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि दुर्ग जिले को कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन