Ghansyam Sharma / Sun, Nov 15, 2026 / Post views : 49
जशपुर। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। यह संस्थान विशेषकर जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का कार्य है। मरीजों की देखभाल और जीवन रक्षा में नर्सिंग कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन और सेवाभाव के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस कॉलेज में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित होगा। संस्थान की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूरा हो चुका है। खास बात यह है कि लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। यहां आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य सुविधाओं के साथ सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में नर्सिंग सेवाओं का अहम योगदान है। राज्य में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार हुआ है और मेडिकल कॉलेजों की संख्या 15 से अधिक हो चुकी है। सरकार वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत ने छात्राओं को बधाई दी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन