Ghansyam Sharma / Sun, Nov 15, 2026 / Post views : 70
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कोंडागांव के कुम्हार अशोक चक्रधारी द्वारा तैयार किया गया मिट्टी का अनोखा दीया एक बार फिर देशभर में चर्चा का विषय बन गया है। इस दीये की खासियत है कि इसमें एक बार तेल भरने के बाद यह 24 से 40 घंटे तक लगातार जलता रहता है। इसकी अनूठी तकनीक और पारंपरिक कारीगरी ने देश के जाने-माने उद्योगपति हर्ष गोयनका का भी ध्यान आकर्षित किया है।
उद्योगपति हर्ष गोयनका ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर अशोक चक्रधारी का वीडियो साझा करते हुए उनके हुनर की सराहना की है। उन्होंने लिखा कि यह मिट्टी का दीया बिना बिजली, बैटरी और बार-बार तेल भरे 24 से 40 घंटे तक जलता है। यह भारतीय हुनर का सुंदर उदाहरण है, जहां परंपरा और नवाचार का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
गोयनका की इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पोस्ट को 33.9 हजार से अधिक बार देखा गया, 851 लोगों ने लाइक किया, 169 लोगों ने साझा किया और 46 लोगों ने टिप्पणी कर अशोक के हुनर की सराहना की।
दरअसल, अशोक चक्रधारी ने इस दीये को विशेष तकनीक से तैयार किया है। इसमें तेल के लिए अलग छोटा भंडारण पात्र और मिट्टी की नली बनाई गई है। इस व्यवस्था के जरिए तेल धीरे-धीरे दीये तक पहुंचता रहता है, जिससे लंबे समय तक लौ जलती रहती है।
कोंडागांव के एक स्थानीय कुम्हार की पारंपरिक कला और नवाचार का देश के बड़े उद्योगपति तक पहुंचना जिले के लिए गौरव की बात है। अशोक चक्रधारी का यह प्रयास बताता है कि स्थानीय कारीगरों का हुनर नई सोच के साथ देशभर में पहचान बना सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन