Ghansyam Sharma / Sun, Nov 15, 2026 / Post views : 46
जशपुर। पत्रिका लुक
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर जिले के तपकरा पहुंचे। यहां उन्होंने छठ घाट पर व्रती महिलाओं के साथ विधि-विधान से अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। मुख्यमंत्री ने छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना करते हुए सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय भी मौजूद रहीं।
तपकरा के छठ घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पूजा सामग्री, फल-फूल, नारियल और पारंपरिक प्रसाद से सजे सूप लेकर पहुंचे। छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से पूरा घाट गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने भी श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना में सहभागिता की।
छठ घाट निर्माण के लिए बड़ी घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तपकरा में स्थायी छठ घाट निर्माण की घोषणा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण के लिए आवश्यक स्टीमेट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मंशा जताई कि अगले छठ महापर्व तक घाट का निर्माण पूरा हो जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुनकुरी में 5 करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण कराया गया है, वहीं दराखारिका में 4 करोड़ रुपये की लागत से नए छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने छठ महापर्व को लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का प्रतीक बताते हुए प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा को महत्वपूर्ण बताया। संयोगवश 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष हेमन्ती साय, भरत साय सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन