Ghansyam Sharma / Sun, Nov 15, 2026 / Post views : 39
3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू, कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी पूरी सहायता राशि
प्रदेश के 3,095 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था, 15 नवंबर तक 1.98 लाख क्विंटल से अधिक धान का उपार्जन
रायपुर। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में धरमजयगढ़ पहुंचकर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की उपस्थिति में खरीदी का शुभारंभ किया। इस वर्ष किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। उदाहरण के तौर पर 15 क्विंटल धान बेचने वाले पात्र किसान को शेष 6 क्विंटल के बराबर सहायता भी प्रदान की जाएगी। इससे कम उत्पादन वाले जनजातीय और वनांचल क्षेत्रों के किसानों को राहत मिलेगी।
प्रदेश के 33 जिलों में 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। 15 नवंबर 2026 तक 2,805 केंद्रों में टोकन जारी हो चुके हैं और 1,606 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई है। अब तक प्रदेश में 1,98,364.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है।
जिलेवार आंकड़ों में राजनांदगांव में 26,464.40 क्विंटल, बालोद में 24,676 क्विंटल, महासमुंद में 20,444.80 क्विंटल और धमतरी में 19,829.20 क्विंटल धान की खरीदी हुई है।
बस्तर संभाग में कोण्डागांव जिले में 3,888.40 क्विंटल, कांकेर में 3,220.40 क्विंटल और बस्तर में 474 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया है। वहीं अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था भी की गई है। सरकार का लक्ष्य किसानों को उचित मूल्य और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन