Ghansyam Sharma / Mon, May 12, 2025 / Post views : 156
दुःखद समाचार
रायपुर । पत्रिका लुक
रायपुर से लगे बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा रात लगभग 12:15 बजे हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक स्वराज माजदा वाहन को जबरदस्त टक्कर मार दी।
हादसे में मारे गए लोगों में ज्यादातर महिलाएं थीं, और एक मृतक की उम्र महज एक वर्ष से भी कम बताई जा रही है। घायलों को तुरंत रायपुर के अंबेडकर अस्पताल (मेडिकल कॉलेज अस्पताल) में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग के सारागांव गांव के पास हुई। ग्राम चटौद से एक स्वराज माजदा वाहन में सवार होकर 50 से अधिक ग्रामीण एक विवाह समारोह के बाद आयोजित छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। रात के सन्नाटे में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने माजदा वाहन को सीधे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माजदा में बैठे कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ घायल वाहन के नीचे दब गए, जिन्हें बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर हाहाकार मच गया। घायलों की चीखें और परिजनों की चीत्कार से पूरा इलाका गूंज उठा। राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। ट्रेलर के चालक की तलाश की जा रही है, जो टक्कर के बाद फरार हो गया।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा शोक जताया है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन