Ghansyam Sharma / Thu, Oct 15, 2026 / Post views : 2
दंतेवाड़ा/रायपुर। पत्रिका लुक
माँ दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड की पदाधिकारियों और महिला सदस्यों ने गुरुवार को दंतेवाड़ा सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत-ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कंपनी को वनोपज के लिए राष्ट्रीय जैविक उत्पादन कार्यक्रम (एनपीओपी) के तहत प्रमाणन मिलने पर बधाई दी और उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
महिला सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री को अपने ‘दण्डक ब्रांड’ के चावल का पैकेट भेंट किया। चर्चा के दौरान उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और विपणन व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ विदेशों में निर्यात की संभावनाओं पर विचार किया गया। उप मुख्यमंत्री ने दण्डक ब्रांड को छत्तीसगढ़ के ‘छत्तीसकला’ ब्रांड से जोड़कर व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत वर्ष 2023 में गठित इस कंपनी से वर्तमान में 1,080 महिला शेयरधारक जुड़ी हैं। इसके अलावा 60 उत्पादक समूहों से संबंधित 2,100 वनोपज संग्राहक महिलाएं भी इसकी गतिविधियों से लाभान्वित हो रही हैं। कंपनी ने पिछले दो वर्षों में एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है।
दण्डक ब्रांड के तहत चावल, कोदो, कुटकी, रागी, इमली, महुआ, अमचूर और नीम फूल सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग और विपणन किया जा रहा है। कंपनी ने दंतेवाड़ा में बिक्री केंद्र भी शुरू किया है।
कंपनी की अध्यक्ष विमला ठाकुर ने बताया कि एनपीओपी प्रमाणन मिलने से महिलाओं के उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने और बेहतर कीमत प्राप्त करने की उम्मीद बढ़ी है। इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. भार्गव सहित कंपनी की पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन