Ghansyam Sharma / Wed, Apr 1, 2026 / Post views : 208
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
दूरस्थ अंचलों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम चेमा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर ने ग्रामीणों को राहत देने का काम किया। राज्य शासन के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुनते और उनका त्वरित निराकरण करते नजर आए।
शिविर में कुल 176 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को समयसीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए। इस पहल से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली और योजनाओं का लाभ सीधे गांव में ही मिलने लगा।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने 12 आयुष्मान कार्ड वितरित किए, जिससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। वहीं राजस्व विभाग ने 8 डिजिटल किसान किताब और 4 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए। शिक्षा विभाग द्वारा 10 जाति प्रमाण पत्र, खाद्य विभाग द्वारा 1 राशन कार्ड तथा श्रम विभाग द्वारा 10 श्रम कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति ने शिविर को प्रभावी बनाया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी और अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में लाभान्वित हितग्राहियों ने मौके पर ही सेवाएं मिलने पर संतोष जताया और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह शिविर न केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम बना, बल्कि ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विश्वास को भी मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन