Ghansyam Sharma / Fri, Feb 13, 2026 / Post views : 219
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
ग्राम पंचायत कोकोड़ी में स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट को लेकर ग्रामीणों का 19 घंटे से जारी आंदोलन आखिरकार प्रशासनिक आश्वासन के बाद शांत हो गया। लंबे समय से बदबू, गंदे पानी और फसलों के नुकसान की शिकायतों से परेशान ग्रामीणों ने प्लांट बंद कराने की मांग को लेकर आंदोलन छेड़ रखा था।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोंडागांव एसडीएम अजय उराव मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने मुनादी के माध्यम से आंदोलनरत ग्रामीणों को जानकारी दी कि जिला प्रशासन द्वारा मक्का प्रसंस्करण प्लांट को आगामी आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन की ओर से यह निर्णय 50 रुपये के स्टाम्प पेपर पर लिखित रूप में दिया गया।


यह लिखित आश्वासन ग्रामीणों की उपस्थिति में ग्राम पंचायत कोकोड़ी के सरपंच को सौंपा गया। आश्वासन मिलने के बाद ही आंदोलनकारी ग्रामीण शांत हुए और धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक लिखित आदेश नहीं मिला था, तब तक उन्हें प्रशासन पर भरोसा नहीं हो रहा था।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्लांट से जुड़े प्रदूषण के आरोपों की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है, हालांकि एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रखा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन