Ghansyam Sharma / Sun, Jun 21, 2026 / Post views : 11
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के तहत जिले के 58,107 किसानों के खातों में 11 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई। इस अवसर पर फरसगांव विकासखंड के बोरगांव में जिला स्तरीय जैविक मेला, आत्मा मेला एवं पीएम किसान उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता तथा पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने फसल विविधीकरण पर जोर देते हुए धान के साथ दलहनी एवं अन्य लाभकारी फसलों की खेती बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है। केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को लाभकारी बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही हैं।
कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के जिले में हुए लाभों की जानकारी देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित नवाचारों और किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने भी किसानों को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन अंतर्गत कसावा प्रसंस्करण के लिए स्टार्च एक्सट्रैक्शन मशीन का वितरण किया गया। इसके अलावा 10 किसानों को जैविक खाद, चयनित हितग्राहियों को साहीवाल गाय, ज्वार चारा मिनीकिट तथा किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए।
मेले में चिकित्सा विभाग द्वारा निःशुल्क दवाइयों का वितरण, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रदर्शनी तथा कृषि, पुलिस, राजस्व एवं जनपद पंचायत की योजनाओं से संबंधित स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन