Ghansyam Sharma / Sun, Jan 18, 2026 / Post views : 253
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने रविवार को कोण्डागांव प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के माध्यम से देश में बढ़ती सांप्रदायिकता, नफरत और विभाजन की राजनीति पर गहरी चिंता व्यक्त की। पार्टी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि समाज को तोड़ने वाली ताकतों का मुकाबला हथियारों से नहीं, बल्कि शिक्षा, जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों के माध्यम से ही किया जा सकता है।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए CPI राज्य परिषद सचिव मंडल सदस्य तिलक पांडे ने कहा कि आज देश में सुनियोजित तरीके से नफरत फैलाने और समाज को धर्म, जाति व संप्रदाय के नाम पर बांटने की कोशिशें की जा रही हैं। कुछ कट्टरपंथी और स्वार्थी राजनीतिक शक्तियां जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाकर अपना राजनीतिक लाभ साधना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि तलवार, बंदूक या हिंसा से मिलने वाली ताकत क्षणिक होती है, जो अंततः समाज और लोकतंत्र को कमजोर करती है, जबकि कलम स्थायी परिवर्तन का माध्यम है। कलम सोच को बदलती है, समाज को जोड़ती है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाती है।
तिलक पांडे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हिंसा का जवाब हिंसा नहीं हो सकता। इसका एकमात्र विकल्प शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और संविधान में निहित मूल्यों की रक्षा है।” इसी विचार को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से CPI द्वारा ‘कलम (पेन) अभियान’ की शुरुआत की गई है।
प्रेसवार्ता में मौजूद CPI प्रतिनिधियों ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के चौक-चौराहों, बाजारों, गांवों और शैक्षणिक संस्थानों में छोटे-छोटे जनसंवाद, गोष्ठियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों, विशेषकर युवाओं को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि नफरत और सांप्रदायिकता समाज को किस तरह नुकसान पहुंचाती है और शिक्षा व भाईचारा ही देश को आगे ले जा सकता है।
रविवार को प्रेस क्लब कोण्डागांव में पत्रकारों को कलम (पेन) भेंट कर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर प्रेस प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को मजबूत करने वाला कदम बताया।
प्रेसवार्ता के अंत में CPI ने जिले के आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें, कलम को अपना हथियार बनाएं और अपने आसपास शिक्षा, भाईचारे व सौहार्द का प्रकाश फैलाएं। पार्टी का संदेश स्पष्ट था—
“हिंसा का जवाब शिक्षा से दें, आइए कलम उठाएं और भारत को मजबूत बनाएं।”
प्रेसवार्ता के दौरान CPI कोण्डागांव जिला सचिव शैलेश, सहायक सचिव दिनेश मरकाम, प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र सोनपिपरे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देखें वीडियो
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन