Ghansyam Sharma / Fri, Apr 17, 2026 / Post views : 143
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कोण्डागांव। जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित, कोंडागांव वनमंडल द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 की विस्तृत कार्ययोजना को लेकर समीक्षा बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने की, जिसमें वन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में तेंदूपत्ता संग्रहण को अधिकाधिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसे ग्रामीणों की आजीविका का प्रमुख स्रोत बताते हुए संग्राहकों को अधिक लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीमा एवं छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने तथा प्रति संग्राहक न्यूनतम 500 गड्डी गुणवत्ता युक्त तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
वनमंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह ने जानकारी दी कि कोंडागांव वनमंडल अंतर्गत 13 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 245 संग्रहण केंद्रों में वर्ष 2026 के लिए 19,200 मानक बोरा का लक्ष्य रखा गया है। इस वर्ष प्रति मानक बोरा 5,500 रुपये की दर से भुगतान किया जाएगा तथा 25 अप्रैल से खरीदी प्रारंभ होने की संभावना है।
क्षेत्र में लगभग 31 हजार संग्रहक परिवार तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े हैं। गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु करीब 700 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कार्यशाला में अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर कार्ययोजना की जानकारी ली।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन