Ghansyam Sharma / Sun, Jun 21, 2026 / Post views : 49
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोण्डागांव पुलिस ने जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी थाना, चौकी एवं सुरक्षा शिविरों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों, पुलिस परिवार के सदस्यों और आम नागरिकों सहित करीब 700 लोगों ने भाग लेकर योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण समाज की मुख्यधारा में लौट चुके पुनर्वासित नक्सलियों की सहभागिता रही। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, शांति और सकारात्मक जीवन का संदेश दिया। उनकी भागीदारी पुनर्वास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों तथा सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने वाली पहल के रूप में देखी गई।
योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया तथा नियमित योग से मिलने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग तनाव कम करने, मानसिक एकाग्रता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच का आधार है। उन्होंने पुलिस कर्मियों और आम नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिलेभर के थाना, चौकी और सुरक्षा शिविरों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से "करें योग, रहें निरोग" का संदेश दिया गया। आयोजन ने स्वास्थ्य जागरूकता के साथ सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक समरसता और पुलिस-जन सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन