Ghansyam Sharma / Mon, Jan 26, 2026 / Post views : 225
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

कोण्डागांव। पत्रिका लुक (सरला यादव)
जिले में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित विकास नगर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। इसके पश्चात विधायक सुश्री उसेंडी ने कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह के दौरान उत्साह के प्रतीक तिरंगे रंग के गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया।

परेड में केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी एवं एनएसएस के कैडेटों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट कर देशभक्ति का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक श्री सतीश भार्गव सहित विभिन्न प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया तथा शहीद जवानों के परिजनों से भेंट कर उनका सम्मान किया।

इस अवसर पर विधायक सुश्री उसेंडी ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। समारोह में पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


सांस्कृतिक कार्यक्रम व झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा व्यायाम एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में जवाहर नवोदय विद्यालय कोंडागांव को प्रथम, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जामकोट पारा को द्वितीय तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की गईं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन