Ghansyam Sharma / Tue, Apr 7, 2026 / Post views : 224
कांकेर। पत्रिका लुक
कांकेर जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ टॉस्क फोर्स द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए चालू वित्तीय वर्ष में 99 मामलों में 99 वाहनों को जब्त किया गया है। साथ ही 27 लाख 65 हजार रुपए की वसूली भी की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कार्रवाई जारी है।
खनिज विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान में 15 रेत खदानें संचालित हैं। इनमें चारामा विकासखंड के माहुद, भर्रीटोला, भिलाई, भिरौद, करिहा, हाराडुला, बासनवाही, अरौद और किलेपार तथा दुर्गकोंदल विकासखंड के भंडारडिगी, गुदुम और परभरेली शामिल हैं। इन खदानों का संचालन ग्राम पंचायतों और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से किया जा रहा है। इसके अलावा 16 अस्थायी रेत भंडारण लाइसेंस भी जारी किए गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेत खनन एवं परिवहन से 76 लाख 62 हजार 572 रुपए की रॉयल्टी और 1 करोड़ 56 लाख 89 हजार 208 रुपए प्रीमियम के रूप में प्राप्त हुए हैं। वहीं पूर्व वर्षों 2019-20 और 2020-21 की 1 करोड़ 36 लाख रुपए की रॉयल्टी राशि ग्राम पंचायतों को वितरण के लिए जिला पंचायत को उपलब्ध कराई जा रही है।
अवैध भंडारण के 13 मामलों में 9 लाख 81 हजार रुपए और अवैध खनन के 5 मामलों में 7 लाख 45 हजार रुपए की वसूली की गई है। हालिया शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 7 वाहन और 5 मशीनें भी जब्त की गई हैं। प्रशासन द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन