Ghansyam Sharma / Wed, Apr 2, 2025 / Post views : 180
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
भारतीय थल सेना के आर्टिलरी रेजिमेंट में 24 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद हवलदार रतिराम सोरी के सेवानिवृत्त होकर आज 2 अप्रैल 2025 को गृहग्राम खंडाम पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव, ग्रामवासियों, परिवारजन और मित्रों ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। बनियागाँव में आतिशबाजी, तिलक आरती और पुष्प माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात दुर्गा माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें देशभक्ति नारों से पूरा गाँव गूंज उठा। मांदरी नृत्य और देशभक्ति गीतों के साथ जुलूस उनके निवास तक पहुंचा। ग्राम के विभिन्न स्थलों पर पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया गया। हवलदार सोरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं से सेना में भर्ती होकर देश सेवा का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि उनका चयन 26 मार्च 2001 को भारतीय थल सेना की विक्टोरिया क्रॉस रेजिमेंट में हुआ था। अपनी सेवा के दौरान उन्होंने पंजाब, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, बिहार, ग्लेशियर, तेलंगाना और बारामूला में तैनाती दी। 2021 में सिकंदराबाद में डायरेक्टर जनरल आर्टि और 2024 में बारामूला में मेजर जनरल द्वारा उन्हें उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष बंगाराम सोडि, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक सुब्रत साहा, जिलाध्यक्ष सूरज यादव, सचिव उमेश साहू, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती सहित कई गणमान्य नागरिक, सैनिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन