Ghansyam Sharma / Sat, Sep 12, 2026 / Post views : 53
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव एवं प्रभारी सचिव बसव राजू एस. ने शुक्रवार को जिले में कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना भी मौजूद रहीं। उन्होंने आईटीआई, पॉलिटेक्निक, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज और कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने प्रशिक्षणार्थियों से सीधे संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं और प्रशिक्षण के बाद रोजगार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आईटीआई की प्रयोगशालाओं को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने, विद्यार्थियों के लिए जरूरत के अनुसार आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रशिक्षण के बाद अधिक से अधिक युवाओं को प्लेसमेंट और स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री में उन्होंने कार्यरत युवतियों और महिलाओं से बातचीत कर उनके काम की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए अन्य विकासखंडों में भी ऐसी रोजगारपरक इकाइयां स्थापित करने पर जोर दिया।
लाइवलीहुड कॉलेज में वर्तमान में संचालित चार प्रशिक्षण बैचों की जानकारी लेते हुए उन्होंने वार्षिक लक्ष्य पूरा करने के लिए माह के अंत तक अधिक से अधिक नए बैच शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुनर्वासित युवाओं से भी संवाद कर प्रशिक्षण की स्थिति जानी और उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने को कहा, ताकि वे कौशल हासिल कर आत्मनिर्भर बन सकें।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर अजय उरांव, सहायक परियोजना अधिकारी पुनेश्वर वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन