Ghansyam Sharma / Sat, Sep 12, 2026 / Post views : 50
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
प्रभारी सचिव बसव राजू एस. ने शुक्रवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। साथ ही 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की प्रगति की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में प्रभारी सचिव ने मौसमी बीमारियों और मलेरिया की रोकथाम के प्रभावी इंतजाम करने को कहा। टीबी मुक्त पंचायत के लक्ष्य पर काम करने, स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनदीप समिति की बैठक नियमित कराने, चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रशिक्षण के लक्ष्य बढ़ाकर अधिक युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने और रोजगार के लिए नियमित प्लेसमेंट कैंप लगाने को कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक गुणवत्तापूर्ण नल-जल पहुंचाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा में किसानों को दलहन-तिलहन की योजनाओं की जानकारी देने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के सभी पात्र किसानों को लाभ दिलाने और एग्रीस्टैक पंजीयन शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने सभी विभागों में ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों का समय पर निराकरण और ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था प्रभावी करने को कहा। शिक्षा विभाग की समीक्षा में परीक्षा परिणाम सुधारने, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और पीएमश्री विद्यालयों के स्वीकृत निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन