Ghansyam Sharma / Sat, Sep 12, 2026 / Post views : 71
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच लांजोड़ा स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल की छत शुक्रवार रात अचानक ढह गई। गनीमत रही कि घटना रात में हुई, जब स्कूल बंद था और छात्र-शिक्षक मौजूद नहीं थे। शनिवार सुबह स्कूल पहुंचे शिक्षकों ने घटना की जानकारी शिक्षा विभाग को दी।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यही छत दिन में कक्षाएं लगने के दौरान गिरती तो जिम्मेदारी किसकी होती? क्या बारिश से पहले स्कूल भवन की स्थिति का निरीक्षण किया गया था? यदि भवन की हालत कमजोर थी तो बच्चों की सुरक्षा के लिए पहले से क्या इंतजाम किए गए थे?
छत गिरने की घटना ने जिले के अन्य स्कूल भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के मौसम में जर्जर भवनों में कक्षाएं संचालित करना बच्चों की सुरक्षा के लिए कितना सुरक्षित है, यह भी जांच का विषय है।
अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जिले के सभी पुराने और जर्जर स्कूल भवनों का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। सवाल यह भी है कि प्रशासन हादसे का इंतजार करेगा या समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करेगा?
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन रात में छत गिरने से टली यह अनहोनी दिन के समय बड़े हादसे की चेतावनी जरूर दे गई है। समय रहते सुधार जरूरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन