Ghansyam Sharma / Sat, Sep 12, 2026 / Post views : 44
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी और उपाध्यक्ष एमडी ठाकुर ने शुक्रवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर जनजातीय समुदाय के लिए संचालित योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जनजातीय परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के साथ शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी ली गई।
अध्यक्ष ने कहा कि जनजातीय परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, बिजली और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर लोगों से सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने के लिए कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने की बात कही गई। मत्स्य विभाग को ग्रामीणों और किसानों को आधुनिक तकनीक से मछली पालन का प्रशिक्षण देने तथा स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं को स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
श्रम विभाग को अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन कर पात्र लोगों के श्रमिक कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। खनिज विभाग को रेत और गिट्टी से जुड़े कार्यों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने कहा गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
पीएम जनमन योजना के तहत ग्राम चनाभर्री में निवासरत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के परिवारों को सभी पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर अजय उरांव सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन