Ghansyam Sharma / Mon, Dec 15, 2025 / Post views : 224
जशपुर। पत्रिका लुक
तंत्र–मंत्र के जरिए मुर्दे को जिंदा करने का झांसा देकर हजारों रुपये ठगने और एक महिला को टोनही बताकर प्रताड़ित कराने वाले दो फरार बैगाओं को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में संतु राम चौहान और कृपा चौहान शामिल हैं, जो लंबे समय से फरार थे।
मामला दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर का है। आरोप है कि दोनों बैगाओं ने तंत्र–मंत्र के माध्यम से मृत व्यक्ति को जीवित करने का दावा किया और इस बहाने ग्रामीणों से मोटी रकम वसूल ली। बाद में अपनी करतूत छिपाने के लिए गांव की एक महिला पर टोनही होने का आरोप लगाया, जिसके बाद महिला के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर लगातार तलाश करते हुए आरोपियों को सारंगढ़ और रायगढ़ से पकड़ने में सफलता हासिल की। इससे पहले बैगाओं के कहने पर महिला से मारपीट करने वाले आठ आरोपियों को जशपुर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
दोनों फरार बैगाओं के खिलाफ थाना दुलदुला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 333, 190, 191(2) तथा टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंधविश्वास और टोनही प्रताड़ना जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन