Ghansyam Sharma / Mon, Jun 22, 2026 / Post views : 4
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर की पहल से साइबर शोषण की शिकार एक युवती को न्याय मिला है। केंद्र की काउंसिलिंग, कानूनी सहायता और पुलिस समन्वय से आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हुई तथा उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
जानकारी के अनुसार युवती ने सखी वन स्टॉप सेंटर में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक ने स्वयं को अविवाहित बताकर करीब एक वर्ष तक उससे संपर्क बनाए रखा और विश्वास में लिया। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है तथा दो बच्चों का पिता है। सच्चाई सामने आने पर युवती ने केंद्र से सहायता मांगी।
प्रकरण दर्ज होने के बाद सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम ने पीड़िता की नियमित काउंसिलिंग कर उसे मानसिक, सामाजिक और कानूनी सहयोग उपलब्ध कराया। साथ ही परिजनों को भी पूरे मामले की जानकारी देकर उनका सहयोग सुनिश्चित किया गया। इसके बाद पुलिस की मदद से आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सखी वन स्टॉप सेंटर ने बताया कि केंद्र महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन चिकित्सा, कानूनी सहायता, पुलिस सहयोग, मनोसामाजिक परामर्श तथा अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। वर्ष 2017 से संचालित इस केंद्र में अब तक 2065 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें घरेलू हिंसा, प्रेम प्रसंग और भटकती महिलाओं से जुड़े मामले प्रमुख हैं। वहीं 795 महिलाओं एवं बालिकाओं को अस्थायी आश्रय देकर उनके मामलों का निराकरण किया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने संकट की स्थिति में महिलाओं से 24 घंटे संचालित टोल फ्री हेल्पलाइन 181 पर संपर्क करने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन