Ghansyam Sharma / Fri, Dec 26, 2025 / Post views : 236
प्रतिदिन 500 से अधिक ट्रकों से अवैध लकड़ी का परिवहन
कांकेर। पत्रिका लुक
कांकेर जिले के कुलगांव के पास अवैध लकड़ी परिवहन का बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई करते हुए आम की लकड़ी से लदे दो ट्रकों को पकड़ा है। पकड़ी गई लकड़ी को वन कष्टागार डिपो सिंगारभाट में खड़ा कराकर जांच की जा रही है।
प्राथमिक जांच में लकड़ी के अवैध परिवहन की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग द्वारा ट्रकों से संबंधित दस्तावेजों, लकड़ी की प्रजाति और मात्रा की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार जब्त की गई लकड़ी की कीमत ढाई लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, जानकारों का कहना है कि बस्तर संभाग से अवैध लकड़ी का कारोबार राजधानी तक फैला हुआ है। प्रतिदिन करीब 500 से अधिक ट्रकों के जरिए अवैध लकड़ी का परिवहन किए जाने की चर्चा है, जिनमें से कभी-कभार ही एक-दो वाहनों पर कार्रवाई हो पाती है। लगातार चल रहे इस अवैध कारोबार से वन संपदा को भारी नुकसान हो रहा है।
विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि जिस तेजी से बस्तर संभाग में अवैध लकड़ी का व्यापार फल-फूल रहा है, यदि समय रहते सख्त और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले कुछ ही वर्षों में बस्तर संभाग के वन क्षेत्र गंभीर संकट में आ सकते हैं और वनों के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगेगा।
वन विभाग ने अवैध कटाई और परिवहन के मामलों पर सख्ती बरतने और निगरानी बढ़ाने की बात कही है, ताकि वन संपदा को बचाया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन