Ghansyam Sharma / Sun, Nov 23, 2025 / Post views : 156
विश्रमपुरी । पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
केशकाल विधानसभा अंतर्गत बड़ेराजपुर ब्लॉक के ग्राम बाड़ागांव में पिछले तीन वर्षों से संचालित धान खरीदी केंद्र को इस वर्ष बंद कर दिए जाने से किसानों में नाराज़गी बढ़ गई है। इसी मांग को लेकर 5 ग्राम पंचायतों के किसान पिछले कई दिनों से विश्रामपुरी में शांतिपूर्वक धरना दे रहे थे, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नहीं किए जाने पर आज आंदोलन उग्र हो गया।
रविवार सुबह सैकड़ों किसान विश्रामपुरी मुख्य मार्ग पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा—
जब तक ग्राम बाड़ागांव में धान खरीदी केंद्र नहीं खुलेगा, हम यहीं डटे रहेंगे।
प्रशासन व पुलिस लगातार किसानों को चक्काजाम समाप्त करने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आज विधायक नीलकंठ टेकाम के धरना स्थल पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। किसान अब सीधे विधायक से चर्चा कर समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।
धान खरीदी केंद्र का मुद्दा किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बन गया है, और अब पूरा क्षेत्र विधायक की प्रतिक्रिया व प्रशासनिक निर्णयों पर निगाहें लगाए हुए है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन