Ghansyam Sharma / Sat, Oct 11, 2025 / Post views : 178
बड़ेराजपुर विकासखंड के विश्रामपुरी में छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( नरेंद्र सेठिया)
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह के तारतम्य में बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत हाई स्कूल विश्रामपुरी एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय विश्रामपुरी में बालिका दिवस के अवसर पर किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनुराग भारती, डॉ. अंकिता (डेंटल सर्जन) तथा दीनेश साहू (ऑफ्थाल्मिक असिस्टेंट) ने छात्राओं को विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर उपयोगी जानकारी दी।
डॉ. भारती ने किशोरी स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, पर्सनल हाइजीन तथा तनाव प्रबंधन (Stress Management) के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नियमित दिनचर्या, संतुलित भोजन और पर्याप्त नींद मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।
डॉ. अंकिता ने ओरल हेल्थ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दांतों और मुख की स्वच्छता न केवल सौंदर्य बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य से जुड़ी होती है। उन्होंने छात्राओं को दांतों की सफाई की सही विधि बताई और शर्करायुक्त खाद्य पदार्थों के अत्यधिक सेवन से बचने की सलाह दी।
ऑफ्थाल्मिक असिस्टेंट दीनेश साहू ने नेत्र रोगों एवं दृष्टि दोषों की पहचान और बचाव के उपाय बताए। उन्होंने छात्राओं को तंबाखू उत्पादों के सेवन से होने वाले नुकसान, विशेषकर आंखों और हृदय पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में चेताया।
कार्यक्रम के दौरान पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि किशोरावस्था में आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन से भरपूर भोजन आवश्यक है, जिससे शरीर का विकास और मानसिक एकाग्रता दोनों में सुधार होता है।
छात्राओं ने प्रश्नोत्तर सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाएँ भी व्यक्त कीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्म-देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, ताकि वे भविष्य में स्वस्थ और सशक्त नागरिक बन सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन