Ghansyam Sharma / Sun, Oct 26, 2025 / Post views : 186
रायपुर। पत्रिका लुक (भावेश जैन)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वे राजधानी नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित क्रिटिकल केयर पर आधारित राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस क्रिटिकॉन रायपुर-2025 में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन चिकित्सा विज्ञान, विशेषकर क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्टता का मंच है, जो देश-विदेश के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को नई दिशा तय करने का अवसर देता है। क्रिटिकल केयर मेडिसिन जीवन रक्षा की रीढ़ है, जो गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को नया जीवन देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अस्पतालों, क्रिटिकल केयर इकाइयों और मेडिकल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। नवा रायपुर अटल नगर में मेडिसिटी और फार्मा हब का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही अन्य शहरों में भी नए अस्पताल स्थापित हो रहे हैं, जो स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने रामकृष्ण केयर ग्रुप को इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि छत्तीसगढ़ चिकित्सा उत्कृष्टता केंद्र के रूप में उभर रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि क्रिटिकल केयर जैसे विषय पर सम्मेलन की मेजबानी रायपुर के लिए गौरव की बात है। विशेषज्ञों के विचार-विमर्श से ऐसे नवाचार सामने आएंगे, जो मानव स्वास्थ्य उपचार के लिए वरदान बनेंगे। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स टेक्नोलॉजी के उपयोग से इलाज की नई संभावनाएं खुल रही हैं, यही तकनीक नए भारत की नई कहानी लिख रही है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएँ देने वाले देश-विदेश और प्रदेश के डॉक्टरों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संदीप दवे, केयर ग्रुप के सीईओ वरुण खन्ना सहित देश-विदेश और राज्य भर से आए 1300 से अधिक डॉक्टर उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन