Ghansyam Sharma / Tue, Apr 7, 2026 / Post views : 288
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कोण्डागांव जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत मालगांव में आयोजित एक दिवसीय पारंपरिक मेले के दौरान “खुडखुड़ी” (जुआ) का खेल खुलेआम संचालित होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मेले में कुछ लोग बेखौफ तरीके से जुआ खिलाते नजर आ रहे हैं, जहां पैसों की बाजी लगाकर “खुडखुड़ी” खिलाई जा रही है। इस खेल में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं, जिससे मेले का माहौल प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियां हर वर्ष मेले के दौरान देखने को मिलती हैं, लेकिन इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पाती। मेले में परिवार और बच्चों के साथ पहुंचे लोगों के सामने इस तरह के जुए का संचालन सामाजिक रूप से भी चिंताजनक माना जा रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इससे युवाओं में गलत प्रवृत्तियां बढ़ सकती हैं।
वहीं कुछ जागरूक नागरिकों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर मीडिया को भेजा है, जिसमें जुआ खिलाने की गतिविधि स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसे अवैध कार्यों पर रोक लगाई जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि पारंपरिक मेले उनकी संस्कृति और पहचान का हिस्सा हैं, जिन्हें स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना जरूरी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन