Ghansyam Sharma / Sat, Apr 18, 2026 / Post views : 77
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले के ग्राम मथनीबेड़ा में शुक्रवार को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘अस्मिता परियोजना’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक ने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत उन्हें व्यक्तिगत पोल्ट्री शेड प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे स्वरोजगार से जुड़ सकेंगी और अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि गांव में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी तेजी से कार्य किया जाएगा।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि मथनीबेड़ा को इस योजना के पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित किया गया है। पहले चरण में 7 महिला हितग्राहियों को जोड़ा गया है, जिन्हें प्रशिक्षण एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
परियोजना एक त्रिपक्षीय मॉडल पर आधारित है, जिसमें जिला प्रशासन मार्गदर्शन करेगा, महिलाएं संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगी, जबकि एबिस फूड एंड प्रोटीन्स तकनीकी सहायता और बाजार की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इससे महिलाओं को उत्पादन बढ़ाने और जोखिम कम करने में मदद मिलेगी।
परियोजना के तहत प्रति महिला सालाना लगभग 1.5 लाख रुपये आय का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, यह पहल क्षेत्र में पोषण स्तर सुधारने और प्रोटीन की उपलब्धता बढ़ाने में भी सहायक साबित होगी। भविष्य में इसमें सुअर और मछली पालन को भी शामिल करने की योजना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन