Ghansyam Sharma / Thu, Jan 29, 2026 / Post views : 234
जिला स्तरीय ‘बस्तर पंडुम 2026’ का भव्य शुभारंभ
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( सरला यादव)
राज्य सरकार द्वारा बस्तर की विशिष्ट जनजातीय कला एवं संस्कृति को संरक्षित करने तथा उसे प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित ‘बस्तर पंडुम 2026’ के अंतर्गत बुधवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ स्थानीय ऑडिटोरियम में किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर एवं यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत माकड़ी अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जनपद सदस्य ममता नेताम, जितेन्द्र सुराना सहित विभिन्न समाज प्रमुख एवं जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह जिला स्तरीय आयोजन 29 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के पहले दिन जनजातीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य, लोकगीत एवं वाद्ययंत्रों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही जनजातीय वेशभूषा, पारंपरिक आभूषण, वन औषधियों एवं लोक संस्कृति से जुड़ी सामग्रियों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
जिला स्तरीय बस्तर पंडुम में जनजातीय कला एवं संस्कृति से जुड़ी कुल 12 विधाओं में विकासखंड स्तर पर चयनित प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बस्तर पंडुम के माध्यम से राज्य सरकार बस्तर संभाग की समृद्ध लोककला, परंपराएं, रीति-रिवाज, पारंपरिक जीवनशैली एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का कार्य कर रही है। यह आयोजन न केवल कलाकारों को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन