Ghansyam Sharma / Sun, Mar 22, 2026 / Post views : 300
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले के माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कांटागांव में आयोजित प्रसिद्ध मावली देव मेला उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। यह घटना 21 मार्च की शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। उस समय मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी श्रद्धालु मौजूद थे और मेला पूरे उत्साह के साथ चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक मधुमक्खियों का झुंड मेला स्थल पर पहुंचा और लोगों को डंक मारना शुरू कर दिया। इससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और हाथों से मधुमक्खियों को हटाने का प्रयास करते रहे, लेकिन कई लोगों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में डंक लग गए।
इस घटना में लगभग 15 लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र कांटागांव में भर्ती कराया गया। घायलों में से 5 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें मधुमक्खियों ने कई जगह डंक मारे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि यदि मरीजों की स्थिति में सुधार नहीं होता है तो उन्हें माकड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत के सरपंच मोती राम मरकाम उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली। उन्होंने सभी घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मधुमक्खियों के अचानक हमले से कुछ समय के लिए मेला स्थल पर दहशत का माहौल बन गया और आयोजन प्रभावित हुआ। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और मेला पुनः शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने इस घटना के बाद मेला आयोजकों और प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि इस तरह की अप्रत्याशित घटनाओं से बचा जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन