Ghansyam Sharma / Tue, Oct 6, 2026 / Post views : 62
नारायणपुर। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़-नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों के लगातार चलाए जा रहे सघन तलाशी और क्षेत्र सैनिटाइजेशन अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस एवं 29वीं वाहिनी आईटीबीपी को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने भटबेड़ा क्षेत्र में तलाशी के दौरान 6 प्रेशर कुकर आईईडी और एक पाइप बम आईईडी बरामद किया। बरामद विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल ने सुरक्षा मानकों के तहत मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को रैनार कैंप से माक्सोली-भाटबेड़ा-रैनार क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान टीम को कुछ संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। क्षेत्र को तत्काल सुरक्षित कर आसपास विस्तृत तलाशी लेने पर एक संदिग्ध डंप से सात आईईडी बरामद हुए।
तलाशी के दौरान आईईडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली। इसमें एक मल्टीमीटर, पेचकस, सोल्डरिंग तार, सोल्डरिंग आयरन और तीन वाहन खोलने की चाबियां शामिल हैं। बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक मोहन ने किया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, 29वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमान अधिकारी अभिषेक सूद और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय साबद्रा के मार्गदर्शन में की गई। सुरक्षा बलों के अनुसार संयुक्त अभियान से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन