Ghansyam Sharma / Mon, Oct 5, 2026 / Post views : 27
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्राम बालेंगा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित हुआ। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा, रोजगार, आवास और अन्य जरूरतों से जुड़े आवेदन सौंपे। संबंधित विभागों को आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए गए।
विधायक टेकाम ने कहा कि बड़ेराजपुर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। तहसील कार्यालय और थाना स्थापित करने के साथ भविष्य में बड़ेराजपुर को विकासखंड के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं। उन्होंने शिक्षा सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के रोजगार और बेहतर सड़क-कनेक्टिविटी पर जोर दिया। किसानों की आय बढ़ाने के लिए तालाब निर्माण और मछली पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात भी कही।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से गांवों में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को गति दी जा रही है। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सामने लाकर उनका समाधान सुनिश्चित करना है।
हितग्राहियों को मिला लाभ: शिविर में विभागीय स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। समाज कल्याण विभाग ने 4 ट्राइसिकल, 3 व्हीलचेयर, एक ब्लाइंड स्टिक और 3 श्रवण यंत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 24 कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं का सम्मान किया। श्रम विभाग की योजनाओं के तहत दो हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई। मत्स्य विभाग ने जाल, आइस बॉक्स और मत्स्य संवर्धन सामग्री वितरित की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन