Ghansyam Sharma / Thu, Jul 9, 2026 / Post views : 44
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
विकासखंड बड़े राजपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पारोंड में गुरुवार को छात्र-छात्राओं के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पात्र विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कर उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत पारोंड के सरपंच सोनसाय मरकाम तथा वरिष्ठ नागरिक जगन्नाथ मरकाम की उपस्थिति में विद्यालय के प्राचार्य के. नाग ने छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का संदेश दिया।
साइकिल मिलने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने शासन की छात्रहितैषी योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे दूर-दराज के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।
कार्यक्रम में शिक्षक सुमनलाल कोर्राम, डोमरसिंह सहारे, अखिलेश कुमार राय, सुभाष नेताम, सुखूराम नेताम, राजीव भारद्वाज, विनोद टोप्पो, तिलोक साहू, प्रीतम कोसरिया, निर्मला मरकाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी अमरसिंह पुरामें ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन