Ghansyam Sharma / Mon, Sep 28, 2026 / Post views : 129
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले में करीब 50 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद ग्राम बम्हनी के पास नारंगी नदी पर बनी पुलिया पर हादसे का खतरा बढ़ गया है। बारिश रुकने के बाद पुल पर चढ़ा पानी तो उतर गया, लेकिन तेज बहाव के कारण पुलिया और सड़क के जोड़ वाले हिस्से की कंक्रीट बह गई। इससे सड़क और पुलिया के बीच करीब एक फीट का गहरा गैप बन गया है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों, खासकर दोपहिया सवारों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
प्रमुख मार्ग होने से बढ़ी चिंता
ग्रामीणों के अनुसार कोंडागांव से मर्दापाल क्षेत्र को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग है। दिन व रातभर इस मार्ग से बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। क्षतिग्रस्त हिस्से पर सड़क का स्तर पुलिया से ऊंचा हो गया है, जिससे अचानक बना गैप वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। रात के समय पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा संकेतक नहीं होने से खतरा और बढ़ सकता है।
बारिश के बहाव में बह गई कंक्रीट
लगातार बारिश के दौरान नारंगी नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण पुलिया व सड़क के बीच भरी गई कंक्रीट की सामग्री बह गई। इसके बाद सड़क और पुलिया के बीच करीब एक फीट की जगह बन गई है। फिलहाल इस क्षतिग्रस्त हिस्से से ही लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की मांग की:
ग्रामीणों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से पर तत्काल बैरिकेडिंग, संकेतक या अन्य अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसी वाहन के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति को टाला जा सके। साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो यह स्थान बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन