Ghansyam Sharma / Wed, Sep 23, 2026 / Post views : 56
रायपुर। पत्रिका लुक
महानदी भवन मंत्रालय के पास बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मंत्रालय कर्मचारियों को लेकर जा रही एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर खाक हो गई। हालांकि, समय रहते बस में सवार कर्मचारियों के बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, मंत्रालय में छुट्टी के बाद बस क्रमांक 3073 कर्मचारियों को लेकर रवाना हुई थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक बस से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में धुआं तेज आग में बदल गया। बस में आग लगते ही कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में 30 से अधिक शासकीय कर्मचारी सवार थे। कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आग तेजी से फैलती गई और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
इधर, घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस में आग आखिर किन कारणों से लगी। तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन