Ghansyam Sharma / Wed, Sep 23, 2026 / Post views : 93
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
संतान प्राप्ति की मनोकामना पूर्ण होने की आस्था से प्रसिद्ध ग्राम आलोर झाटीबन के पहाड़ों में विराजमान मां लिंगेश्वरी के पट 23 सितंबर बुधवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। गुफा का द्वार खुलते ही पुजारियों ने अंदर जाकर पूजा-अर्चना की। इसी दौरान गुफा के भीतर दक्षिण दिशा से पश्चिम दिशा की ओर शेर के पदचिह्न दिखाई दिए। पदचिह्नों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय आस्था के अनुसार शेर के पदचिह्न क्षेत्र में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि का संकेत माने जाते हैं।

मां लिंगेश्वरी की गुफा काफी संकरी और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुफा के बाहर से ही मां के दर्शन कर रहे हैं। सुबह से ही आसपास के गांवों सहित जिले और अन्य क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
बताया जा रहा है कि 50 हजार से अधिक श्रद्धालु मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते करीब 5 किलोमीटर से अधिक लंबी कतार लग गई। कई घंटे इंतजार के बाद श्रद्धालु मां के दर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद लोगों में उत्साह और आस्था बनी हुई है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है।
श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मां लिंगेश्वरी के पट देर रात तक खुले रहने की जानकारी दी गई है। दूर-दराज से पहुंचे भक्त अपनी बारी का इंतजार कर मां के दर्शन कर रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्र में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है।
आस्था और मान्यता का केंद्र
कोण्डागांव जिले के ग्राम आलोर झाटीबन के पहाड़ों में स्थित मां लिंगेश्वरी को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। विशेष रूप से संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। हर वर्ष गुफा के पट खुलने के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं का जमावड़ा होता है। इस वर्ष भी भारी भीड़ ने मां लिंगेश्वरी की धार्मिक और आस्था से जुड़ी लोकप्रियता को सामने ला दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन