Ghansyam Sharma / Thu, Nov 12, 2026 / Post views : 63
कोंडागांव। पत्रिका लुक
बस्तर फाइटर भर्ती में कोंडागांव जिले के लिए निर्धारित पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर आदिवासी युवा छात्र संगठन (AYSU) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने 12 नवंबर को अपनी मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करते हुए एसडीएम कार्यालय के सामने घेराव किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपकर जिले के लिए निर्धारित 81 पदों की संख्या बढ़ाकर सभी 204 रिक्त पदों पर भर्ती की स्वीकृति देने की मांग की है।
संगठन के अनुसार, बस्तर फाइटर विशेष बल के अंतर्गत आरक्षक भर्ती के लिए कुल 1588 पदों पर भर्ती की सहमति दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज के 26 सितंबर 2026 के पत्र के अनुसार कोंडागांव जिले में बस्तर फाइटर के कुल 500 स्वीकृत पदों में से 296 पद भरे हुए हैं, जबकि 204 पद रिक्त हैं। इसके बावजूद रिक्त पदों में से 40 प्रतिशत यानी केवल 81 पदों पर भर्ती का प्रावधान रखा गया है।
75 प्रतिशत भर्ती की उठाई मांग
AYSU का कहना है कि कोंडागांव भी बस्तर संभाग का महत्वपूर्ण आदिवासी एवं अनुसूचित क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में शिक्षित बेरोजगार युवा लंबे समय से बस्तर फाइटर भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में 204 पद रिक्त होने के बावजूद केवल 81 पदों पर भर्ती होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर सीमित हो रहे हैं।
संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिले के सभी 204 रिक्त पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी जाए। यदि सभी पदों पर भर्ती संभव नहीं है तो कम से कम 75 प्रतिशत रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान की जाए।
'युवा है मैदान में, 75 प्रतिशत हमारा अधिकार है'
धरना-प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने नारेबाजी करते हुए 75 प्रतिशत भर्ती की मांग उठाई। संगठन ने कहा कि यह मांग स्थानीय युवाओं के रोजगार और भविष्य से जुड़ी है। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से युवाओं के हित में सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित निर्णय लेने का आग्रह किया गया है।
मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन