Ghansyam Sharma / Mon, Nov 9, 2026 / Post views : 66
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कभी नक्सली गतिविधियों और बंदूकों की गूंज से पहचाने जाने वाले कोण्डागांव जिले के दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में इस बार दीपावली का पर्व खुशियों और उल्लास के साथ मनाया गया। नक्सलमुक्त वातावरण में कोण्डागांव पुलिस के अधिकारी और जवान ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। गांवों में दीपों की रोशनी के बीच पुलिस और ग्रामीणों ने आपसी विश्वास, भाईचारे और शांति का संदेश दिया।
8 नवंबर को लक्ष्मी पूजा के अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के आदेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में दीपावली कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान गांव के गायता, पुजारी, सिरहा, मांझी और वरिष्ठ नागरिकों के साथ देवालयों में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की गई। पारंपरिक ग्रामीण प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। वहीं महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को मिठाई एवं पटाखे वितरित किए गए।
कार्यक्रम के तहत उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र पुजारी के नेतृत्व में थाना बयानार क्षेत्र के ग्राम पेरमापाल, एसडीओपी रूपेश कुमार के नेतृत्व में ग्राम आमगांव, उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में थाना मर्दापाल के ग्राम पुसपाल तथा उप पुलिस अधीक्षक अरुण नेताम के नेतृत्व में पुलिस सहायता केंद्र कुएमारी, थाना धनोरा क्षेत्र के ग्राम कुदालवाही में दीपावली मनाई गई।
इसी तरह निरीक्षक रामेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्राम हाटचपई, थाना धनोरा, उप निरीक्षक अखिलेश धीवर के नेतृत्व में थाना उरंदाबेड़ा क्षेत्र के ग्राम कसई फरसगांव और उप निरीक्षक तरुण मैती के नेतृत्व में थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम मटवाल में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ त्योहार मनाया। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।
गौरतलब है कि बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष कई दशकों तक चला। इस दौरान पुलिस, सुरक्षा बलों, प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया। हिंसा और भय के चलते कई गांव विकास की मुख्यधारा से दूर रहे। लगातार सुरक्षा अभियानों, आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास की पहल और सड़क, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से प्रभावित क्षेत्रों में बदलाव आया है।
कोण्डागांव पुलिस के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य नक्सलमुक्त वातावरण में ग्रामीणों के साथ विश्वास, सहयोग और भाईचारे को मजबूत करना है। पुलिस ने संकल्प जताया कि जिले के प्रत्येक गांव तक शांति और विकास का उजाला पहुंचे तथा हर परिवार के जीवन में खुशहाली आए।
बंदूकों की गूंज अब इतिहास बने, दीपों की रोशनी से बस्तर का भविष्य उज्ज्वल बने।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन