Ghansyam Sharma / Mon, Nov 9, 2026 / Post views : 58
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (विशेष रिपोर्ट)
कभी बस्तर के अंदरूनी गांवों में पटाखे जैसी आवाज सुनते ही लोग सहम जाते थे। घरों के दरवाजे बंद हो जाते थे और ग्रामीण अपने परिवार के साथ घरों के भीतर दुबककर बैठ जाते थे। हर किसी के मन में एक ही आशंका होती थी कि कहीं पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ तो शुरू नहीं हो गई? कहीं गोलीबारी में कोई अनहोनी तो नहीं हो गई?
ग्रामीणों के मन में एक और डर हमेशा बना रहता था। कहीं किसी व्यक्ति पर पुलिस का मुखबिर होने का शक न कर लिया जाए और उसे नक्सलियों की प्रताड़ना का सामना न करना पड़े। वर्षों तक भय, असुरक्षा और अनिश्चितता के बीच जिंदगी गुजारने वाले इन गांवों में त्योहारों की खुशियां भी कई बार डर के साये में सिमट जाती थीं।
लेकिन इस दीपावली तस्वीर बदली हुई थी। वही पटाखों की आवाज अब किसी मुठभेड़ का संकेत नहीं, बल्कि खुशियों का संदेश लेकर आई। इस बार ग्रामीणों ने आवाज सुनकर घरों में छिपने के बजाय बाहर निकलकर दीपावली मनाई। बच्चों के हाथों में पटाखे थे, घरों के आंगन दीपों से रोशन थे और गांवों में पुलिस के जवान ग्रामीणों के साथ खुशियां बांट रहे थे।
बंदूकों के साये से निकलकर विश्वास की चौखट तक
8 नवंबर को लक्ष्मी पूजा के अवसर पर कोण्डागांव पुलिस ने जिले के दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में ग्रामीणों के साथ दीपावली मनाई। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारी और जवान गांवों तक पहुंचे। गायता, पुजारी, सिरहा और मांझी के साथ देवालयों में पूजा-अर्चना की गई। ग्रामीणों को मिठाइयां और पटाखे वितरित किए गए तथा पारंपरिक ग्रामीण प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया।
पेरमापाल, आमगांव, पुसपाल, कुदालवाही, हाटचपई, कसई फरसगांव और मटवाल जैसे गांवों में आयोजित इस दीपावली ने पुलिस और ग्रामीणों के बीच आपसी संवाद और विश्वास को एक नया अवसर दिया।
शांति का मतलब सिर्फ मुठभेड़ का थमना नहीं
बस्तर में दशकों तक चले नक्सल संघर्ष ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी, बल्कि आम ग्रामीणों के सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी प्रभावित किया। इस दौर में अनेक जवानों और निर्दोष नागरिकों ने अपनी जान गंवाई। कई गांवों में भय के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।
आज बदलते माहौल में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ग्रामीण अब बिना किसी भय के अपना जीवन जी पा रहे हैं? क्या बच्चे बेफिक्र होकर खेल सकते हैं? क्या त्योहारों पर गांवों में खुशियों की आवाज गूंज सकती है? कोण्डागांव के गांवों में मनाई गई यह दीपावली इन सवालों के बीच एक उम्मीद जरूर जगाती है।
बस्तर की असली जीत ग्रामीणों के चेहरे की मुस्कान
नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष का अंतिम उद्देश्य केवल हिंसा को समाप्त करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत होना जरूरी है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की पहुंच भी इस बदलाव को स्थायी बनाएगी।
इस दीपावली कोण्डागांव सहित बस्तर के गांवों में एक अलग ही संदेश सुनाई दिया। कभी जिस पटाखे की आवाज से ग्रामीण मुठभेड़ की आशंका में घरों में छिप जाते थे, आज उसी आवाज पर बच्चे सहित पूरा गांव खुशी से झूम रहे थे।
यह सिर्फ पटाखों की आवाज में आया बदलाव नहीं है, यह बस्तर के लोगों की जिंदगी में डर से विश्वास, खामोशी से खुशियों और संघर्ष से शांति की ओर बढ़ते सफर की कहानी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन