Ghansyam Sharma / Tue, Nov 10, 2026 / Post views : 96
2.68 करोड़ की लागत से तैयार योजना से 135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ, बिजली-डीजल के बिना चलेगा टरबाइन पम्प
जशपुर।पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ में किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से नई पहल की गई है। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना तैयार की गई है। इसकी खासियत यह है कि नदी के बहते पानी से टरबाइन पम्प संचालित होगा और बिना बिजली, डीजल या सौर ऊर्जा के खेतों तक पानी पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परियोजना का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और सिंचाई क्षमता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग से किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सकता है। यह पर्यावरण अनुकूल मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है।
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस योजना से 135 किसान परिवारों को लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से लगभग 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
योजना के तहत नदी के जल प्रवाह से टरबाइन पम्प चलाया जाएगा, जो अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी को करीब 12 मीटर ऊंचाई पर बनी वितरण टंकी तक पहुंचाएगा। यहां से नहरों और नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तकनीक से किसानों की सिंचाई लागत कम होगी और वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता घटेगी। इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन