Ghansyam Sharma / Sat, Nov 7, 2026 / Post views : 7
कांकेर। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस अलंकरण समारोह 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित समारोह में प्रदेश के 24 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ शौर्य पदक से सम्मानित किया गया। इनमें उत्तर बस्तर कांकेर जिले के पांच पुलिस जवान भी शामिल हैं। छिंदखड़क जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले इन जवानों को उनके उत्कृष्ट सेवाओं एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वाले जवानों में आरक्षक क्रमांक 1056 तरुण कुमार नेताम, आरक्षक क्रमांक 1299 ओम प्रकाश नेताम, आरक्षक क्रमांक 1249 डामेश्वर लाल रावटे, आरक्षक क्रमांक 89 पंकज एड़े और आरक्षक क्रमांक 151 राजकुमार यादव शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2025 को थाना कांकेर क्षेत्रांतर्गत ग्राम छिंदखड़क के जंगल में नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा था। इसी दौरान माओवादियों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस बल ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो पुरुष और एक महिला माओवादी मारे गए।
मारे गए माओवादियों की पहचान श्रवण मड़कम (8 लाख रुपये का इनामी), राजेश हेमला (5 लाख रुपये का इनामी) और शांति कुंजाम (1 लाख रुपये की इनामी) के रूप में हुई थी। घटनास्थल से तीन हथियार, एम्युनिशन, डेटोनेटर, वॉकी-टॉकी सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई थी। इस घटना के संबंध में थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 355/2025 के तहत बीएनएस, यूएपीए एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने पदक से सम्मानित सभी जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शौर्य पदक से सम्मानित होना जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं का गौरवपूर्ण सम्मान है। यह उपलब्धि न केवल सम्मानित जवानों, बल्कि संपूर्ण कांकेर पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि जवानों की यह उपलब्धि जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी पूरी निष्ठा, समर्पण और साहस के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगी।
कांकेर पुलिस परिवार ने भी सभी पदक विजेता जवानों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन